मुंबई (सं. भा.) महाराष्ट्र में आगामी दिनों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के आदेशों का पालन करते हुए मुंबई पुलिस ने 111 पुलिस इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों और मुंबई के ही दो सहायक पुलिस आयुक्त को शहर से बाहर स्थानांतरित कर दिया है। इसमें करीब 15 पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भी शामिल है। हालांकि राज्य पुलिस द्वारा 11 पुलिस इंस्पेक्टर को दूसरे जिले और शहर से मुंबई भेजा गया है। चुनाव आयोग ने पहले मुंबई पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा था कि इन अधिकारियों का तबादला क्यों नहीं किया गया, जबकि वे पिछले तीन सालों से शहर की पुलिस में कार्यरत हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने एक आदेश जारी कर अधिकारियों को तुरंत शहर से बाहर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है।

इसमें मुंबई स्थित सायन पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनीषा शिर्के को ठाणे, दिंडोशी के सीनियर इन्स्पेक्टर इरफ़ान शेख को ठाणे, मुलुंड के प्रमोद कोकाटे हाईवे ट्रैफिक, मरीन ड्राइव के नीलेश बागुल को ठाणे, मलाड के रविंद्र अडाने को ठाणे, सांताक्रूज़ के राजेंद्र काणे को रत्नागिरी भेजा गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त नितीन अलकनुरे ठाणे खुफिया विभाग में और सहायक पुलिस आयुक्त जितेन्द्र अगरकर को ठाणे पुलिस मुख्यालय में भेज दिया गया है। वडाला टीटी पुलिस स्टेशन के विलास राठोड, माहिम के बिलाल शेख आदि को भी मुंबई के बाहर तबादला हुआ है। पुलिस ने चुनाव आयोग को बताया था कि महाराष्ट्र के अन्य स्थानों पर भी आदेश का पालन किया गया है।


