मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

हीरा दलालों द्वारा हीरा व्यापारियों से ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बांद्रा के बीकेसी में दो अलग-अलग हीरा व्यापारियों को दलालों ने लाखों रुपये की ठगी का शिकार बनाया है। इन दोनों मामलों में एक ही दिन बीकेसी पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज किए गए हैं।
एक मामले में ३९ लाख और दूसरे मामले में १३ लाख की ठगी की गई है। पहले मामले में मनोजभाई अमदावाड़ी (३८) नामक हीरा व्यापारी के साथ ३९ लाख की ठगी की गई है। उनकी ‘श्री रामदूत जेम्स एलएलपी’ नाम से हीरे खरीदने और बेचने की कंपनी है। इस कंपनी का बीकेसी में ऑफिस है। कंपनी हीरा व्यापारियों और दलालों को बिक्री के लिए रसीद पर हीरे देती है। यह लेन-देन भरोसे पर होता है। सेल्समैन धीरूकृष्ण शोरवाला शिकायतकर्ता के ऑफिस में काम करता है। वह हीरा व्यापारियों और दलालों के संपर्क में रहता है। दलालों द्वारा मांगे जाने पर वह हीरे देकर आगे का वित्तीय लेन-देन पूरा करता है।
२०२२ में आरोपी जयनीश प्रकाशभाई दहयानी (४०) शोरवाला के संपर्क में आया। इससे पहले दलाल दहयानी ने कुछ हीरे बेचने हेतु लिए थे और सौदा पूरा कर लिया था। इससे कंपनी दहयानी पर भरोसा करने लगी। पिछले साल फरवरी में दहयानी ने उससे कहा कि उसके पास हीरे का बड़ा ऑर्डर है। इसलिए कंपनी ने उसे तीन किस्तों में कुल ३९ लाख ५३ हजार रुपये कीमत के २४.६६ कैरेट के हीरे भेजे। हालांकि बाद में वह पैसे देने से बचने लगा। वह यह बहाना बनाकर समय व्यतीत कर रहा था कि वह ग्राहक से जल्द ही पैसे ले लेगा। हालांकि लंबा समय बीत जाने के बाद भी दहयानी ने पैसे नहीं लौटाए। इससे कंपनी को ३९ लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। इस धोखाधड़ी मामले में शिकायतकर्ता अमदावादी ने बीकेसी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में बीकेसी पुलिस ने हीरा कारोबारी जयंशी दहयानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरे मामले में हीरा व्यापारी घनश्यामभाई कलसारिया (४६) को एक दलाल ने १३ लाख रुपए की ठगी की। कलसारिया की बीकेसी में ‘जे.ए. एम्पेक्स’ नाम से हीरे की खरीद-फरोख्त करने वाली कंपनी है। सिद्धार्थ रावसा पिछले 3 साल से उसके साथ हीरे की खरीद-फरोख्त का कारोबार कर रहा था। इसलिए शिकायतकर्ता कलसारिया ने उस पर भरोसा किया। दिसंबर 2024 को शिकायतकर्ता कलसारिया से 13 लाख 20 हजार रुपए कीमत के विभिन्न प्रकार के कुल २७.४१ कैरेट हीरे बेचने के लिए लिए गए थे। लेकिन उसने तय समय में भुगतान नहीं किया। वह तरह-तरह के बहाने बनाकर भुगतान करने से बचने लगा। उसके खिलाफ कलसारिया ने बीकेसी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी हीरा दलाल सिद्धार्थ रावसा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


