■ प्रेम प्रसंग में चौकीदार की गोली मारकर हत्या.
मुंबई वार्ता /सतीश सोनी

राज्य की अपराध राजधानी के रूप में मशहूर नागपुर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में २४ घंटे में तीन अलग-अलग जगहों पर तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस हत्या से जिले में हड़कंप मच गया है।


पहली घटना गोरेवाड़ा जंगल क्षेत्र में हुई। प्रेम प्रसंग के चलते कॉलेज छात्र अमन गजेंद्र ध्रुववंशी (२०) की हत्या कर दी गई। इस घटना में आरोपियों ने अमन ध्रुववंशी को मिलने के बहाने बुलाया और गोरेवाड़ा जंगल क्षेत्र में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना शनिवार रात को हुई और रविवार दोपहर एक आरोपी ने थाने जाकर जुर्म कबूल कर लिया। उसके बाद पुलिस ने इस मामले में चारों लोगों को हिरासत में ले लिया है।
दूसरी घटना में रविवार सुबह करीब १० बजे खापा के गांधी चौक पर चेतन अशोक गागटे (३१) का सिनेमा स्टाइल में पीछा किया गया। आरोपी अर्जुन नील ने उस पर तीन गोलियां चलाईं। फायरिंग में चेतन की मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी अर्जुन खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया हालांकि, इस हत्या के पीछे का सटीक मकसद अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
तीसरी घटना नागपुर के कुही तालुका के पचगांव इलाके में हुई। चौकीदार के तौर पर काम करने वाले सुमंतलाल मर्सकोल्हे की हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या कलमना-उमरेड रोड पर एक निर्माण स्थल पर हुई। संदेह है कि वहां काम कर रहे तीन मजदूरों ने इस हत्या को अंजाम दिया।


