मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

बोईसर के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेडली फ़ार्मास्युटिकल्स (प्लॉट संख्या F-13) में गैस रिसाव के कारण चार मज़दूरों की मौत हो गई है। इस कंपनी के दो मज़दूरों की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर २.३० से ३ बजे के बीच, जब इस कंपनी में एल्बेंडाज़ोल का उत्पादन चल रहा था। टैंक के उस हिस्से में नाइट्रोजन गैस का रिसाव हुआ जहाँ नाइट्रोजन प्रोसेसिंग का काम होता था। जहाँ ये मज़दूर काम कर रहे थे, वहाँ सब कुछ प्रभावित हुआ। उस जगह ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण चार मज़दूरों की मौत हो गई और दो अन्य की हालत गंभीर है।


इन मज़दूरों को बेहोशी की हालत में बोईसर के शिंदे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन चारों की मौत हो गई। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि कमलेश यादव, कल्पेश राउत, धीरज पवार और बंगाली ठाकुर को मृत घोषित कर दिया गया है और दो मज़दूर रोहन शिंदे और नीलेश आडले का इलाज चल रहा है।


