■ फर्जी ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण के IP Address, Email ID और मोबाइल नंबर देने में प्रशासन कर रहा है टालमटोल।
■ राजुरा विधानसभा क्षेत्र की मतचोरी प्रकरण पर एक माह में कार्रवाई करें, अन्यथा अदालत का दरवाज़ा खटखटाएंगे: अतुल लोंढे।
मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग की मदद से मिलकर मतचोरी की है, इसका खुलासा कांग्रेस पार्टी एक-एक विधानसभा क्षेत्र में कर रही है। राहुल गांधी ने महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र की मतचोरी का पर्दाफाश करके भाजपा और आयोग की भ्रष्ट साठगांठ उजागर की है। महादेवपुरा की तरह ही चंद्रपुर जिले के राजुरा विधानसभा क्षेत्र में भी मतचोरी हुई है। इस मामले में FIR भी दर्ज की गई है, लेकिन 11 महीने बीत जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मतचोरी प्रकरण में आगामी एक महीने में कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी अदालत का सहारा लेगी, ऐसा चेतावनी महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे ने दी है।


गांधी भवन में आयोजित पत्रकार परिषद में मतचोरी की जानकारी देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव के बीच के 5 महीनों में राजुरा विधानसभा क्षेत्र में 55 हजार मतदाताओं की वृद्धि की गई। 1 अक्टूबर 2024 से 15 अक्टूबर 2024 के बीच राजुरा विधानसभा क्षेत्र में 11,667 ऑनलाइन फर्जी मतदाताओं का पंजीकरण किया गया। इस संदर्भ में कांग्रेस उम्मीदवार सुभाष धोटे द्वारा की गई शिकायत के बाद 6,853 नाम हटाए गए। इस मामले में FIR भी दर्ज की गई है, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। फर्जी मतदाता पंजीकरण के लिए जिन IP Address, Email ID और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल हुआ, उसकी जानकारी देने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक यह जानकारी नहीं दी गई। यह जानकारी मिलते ही असली चोर कौन है, यह सामने आ जाएगा, इसलिए पुलिस और प्रशासन जानकारी देने से बच रहे हैं।


अतुल लोंढे ने आगे कहा कि राजुरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार के पास 61 लाख रुपये और चुनाव सामग्री मिली थी। चुनाव आयोग की FST टीम ने यह कार्रवाई की थी और गडचांदूर पुलिस स्टेशन में इस मामले में अपराध दर्ज किया गया है। लेकिन आज तक इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। मतचोरी मामले पर कांग्रेस उम्मीदवार सुभाष धोटे ने चुनाव आयोग, चंद्रपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को बार-बार ज्ञापन दिया है, लेकिन कार्रवाई के संबंध में कोई हलचल नहीं है। मतचोरी मामले पर कांग्रेस जनता की अदालत में लड़ाई लड़ ही रही है, लेकिन अदालत में भी यह लड़ाई लड़ेगी, ऐसा अतुल लोंढे ने कहा।
चंद्रपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष और राजुरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सुभाष धोटे ने भी इस अवसर पर मतचोरी मामले की विस्तृत जानकारी दी।


