मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

बरसात के इस मौसम में चेंबूर में सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। यहां की सड़कों को गड्ढों से मुक्त करने और अनधिकृत फेरीवालों पर अंकुश लगाने तथा चेंबूर को फेरीवाला मुक्त बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी चेंबूर विधानसभा की ओर से मनपा एम पश्चिम विभाग कार्यालय पर थालीनाद आंदोलन किया गया।


बता दें कि वार्ड क्रमांक 152 में स्वास्तिक पार्क, मकवाना सोसाइटी, अंजिक्यतारा सोसाइटी, सिद्धार्थ कॉलोनी-समता शुद्धोधन नगर, सुभाष नगर इलाके में पिछले दो महीनों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। जिससे स्थानीय नागरिक काफी त्रस्त हैं। वर्षो पुरानी और जर्जर पाइप लाइनों को बदलने तथा अन्य मांगों को लेकर महानगर पालिका एम पश्चिम कार्यालय पर पूर्व नगरसेवक महादेव शिवगण, सुषम सावंत, पूर्व नगरसेवक राजेश फुलवारिया नगरसेविका और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती आशाताई सुभाष मराठे तथा सुभाष मराठे के नेतृत्व में थालीनाद धरना,आंदोलन किया गया।
तत्पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त शंकर भोसले से उनके कार्यालय में मुलाकात की और अपनी मांगो का ज्ञापन सौंपा।


सहायक आयुक्त भोसले ने 23/9/2025 को उक्त सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए एक विस्तारित बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए नगरसेविका आशाताई मराठे ने बताया कि बरसात के इस मौसम में चेंबूर की सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई है। इसके अलावा वॉर्ड क्रमांक 152 के अनेक इलाकों में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति से नागरिक काफी परेशान हैं।


