मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

डोंबिवली के मानपाड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत एक स्कूल में बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा ६ साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर गुस्साए नागरिकों और अभिभावकों ने प्रिंसिपल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।


मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक जिला परिषद स्कूल है, जहाँ 6 साल की पीड़ित बच्ची पढ़ती है। पता चला है कि इसी स्कूल के प्रिंसिपल महेंद्र खैरनार ने बच्ची के साथ बलात्कार किया था। इस घटना का पता चलते ही इलाके के नागरिक और अभिभावक स्कूल पहुँचे और आरोपी महेंद्र खैरनार को पकड़ लिया। गुस्साए नागरिकों ने बिना देर किए आरोपी को मानपाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया।स्कूल के एक ज़िम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह के बलात्कार की घटना से इलाके में भारी हड़कंप मच गया है। गुस्साए नागरिक महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं के साथ मानपाड़ा पुलिस स्टेशन पहुँचे। उन्होंने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करने और उसे मौत की सजा देने की मांग की है।


नागरिकों की मांग और घटना की गंभीरता को देखते हुए, मानपाड़ा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने आरोपी महेंद्र खैरनार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।इस मामले की जाँच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोपी प्रिंसिपल महेंद्र खैरनार ने छह साल पहले यानी २०१९ में भी ऐसी ही हरकत की थी, लेकिन उस समय उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी। इस गंभीर मामले ने अब पूरे शिक्षा जगत और कल्याण ग्रामीण क्षेत्र में गुस्से की लहर दौड़ा दी है।


