श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

सांताक्रूज के वाकोला इलाके से एक पांच साल की बच्ची का अपहरण और विक्री के मामले में बच्ची के मामा-मामी समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस बात की जानकारी जोन 8 के पुलिस उपायुक्त मनीषा कलवानिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 22 नवंबर को वाकोला पुलिस को एक 5 वर्ष की बच्ची के गुम होने की शिकायत मिली। खबरियों एवं तकनीकी की मदद से पुलिस ने बच्ची के अपहरण के आरोप में बच्ची के मामा लॉरेंस निकलेस फर्नांडिस और मामी मंगल जाधव को पूछताछ के लिए कब्जे में लिया। पूछताछ के दौरान मालूम हुआ कि उन्होंने अपनी भांजी को पनवेल निवासी वृंदा चौहान और अंजलि कोरगाँवकर को 1.90 लाख में बेचा था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने वृंदा के पनवेल स्थित घर से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।


इस मामले में पुलिस ने लतीफ शेख, लॉरेंस फर्नांडिस, मंगल जाधव, करन सनस और वृंदा चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
वरिष्ठों के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई वाकोला पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश खांडेकर की टीम ने किया है।



ऐसे लोगों को फांसी दी जानी चाहिए