जय सिंह/ मुंबई वार्ता

पालघर जिले में डेटिंग ऐप के ज़रिये पुरुषों को फँसाकर उन्हें नींद की गोलियाँ पिलाकर लूटने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मांडवी पुलिस ने इस ‘नींद जाल’ में सक्रिय दो महिलाओं को धरदबोचा है। गिरफ्तार महिलाओं से पुलिस ने करीब चार लाख रुपये का माल बरामद किया है।


जानकारी के अनुसार, ये दोनों महिलाएँ डेटिंग ऐप पर नकली प्रोफाइल बनाकर शिकार ढूँढती थीं। पहचान छुपाने के लिए ये लोग हर मुलाकात के बाद अपना प्रोफाइल डिलीट कर देती थीं। लॉज में फर्जी आईडी जमा करतीं, गलत मोबाइल नंबर बतातीं और डिजिटल पेमेंट से बचती थीं ताकि कोई निशान न बचे।कार्रवाई की शुरुआत विरार पश्चिम के 31 वर्षीय युवक की शिकायत से हुई, जिसे मुलाक़ात के दौरान नींद की गोलियाँ खिला दी गईं और उसकी 20 ग्राम की सोने की चेन, मोबाइल और स्मार्ट वॉच — कुल 1.83 लाख रुपये का सामान लेकर आरोपी महिलाएँ रफ़ूचक्कर हो गईं।


जाँच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों महिलाओं ने इसी तरीके से अन्य वारदातें भी की हैं। काशिमीरा पुलिस स्टेशन में भी इन पर एक समान मामला दर्ज है। गिरफ्तार महिलाओं में एक मालवणी की रहने वाली है, जबकि दूसरी हिमाचल प्रदेश की मूल निवासी है और फिलहाल पालघर में रह रही है। दोनों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत चोरी, विष देकर चोट पहुँचाने समेत कई गंभीर धाराएँ लगाई हैं।
मांडवी पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके जाल में और कितने लोग फँसे हैं तथा इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।


