श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनावों में समाजवादी पार्टी कांग्रेस की रणनीति को चुनौती देने की तैयारी में है। सपा विधायक एवं महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने यश भारत से बातचीत में स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी यह चुनाव अकेले लड़ेगी और मुंबई में 150 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।


महाराष्ट्र विधानसभा में सभी धर्मों, धार्मिक ग्रंथों, पैगम्बरों, धार्मिक गुरुओं और धार्मिक स्थलों के सम्मान तथा हेट स्पीच और हेट क्राइम के विरुद्ध कड़ा कानून बनाने के उद्देश्य से पेश विधेयक को समर्थन देने पर मुंबई की कई संस्थाओं ने अबू आसिम आजमी का अभिनंदन किया।


इस अवसर पर सेवा ट्रस्ट, मीनारा मस्जिद ट्रस्ट, ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड, मलिक लियाकत हुसैन ट्रस्ट, नेशनल यूनानी आयुष एक्टिविस्ट ट्रस्ट, मुंबई सेंट्रल एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों ने इस पहल की सराहना की। यह कार्यक्रम इस्लाम जिमखाना, मुंबई में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा कि आजकल विभिन्न धर्मों, धर्मगुरुओं, धार्मिक ग्रंथों, धार्मिक स्थलों और पैगम्बरों के विरुद्ध आपत्तिजनक और भड़काऊ वक्तव्यों के माध्यम से समाज में नफरत फैलाई जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कानून के तहत किसी भी धर्म, धर्मगुरु, धार्मिक ग्रंथ या धार्मिक स्थल के विरुद्ध अपमानजनक वक्तव्य देने या उसे सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के लिए दस वर्ष तक की सजा और दो लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।उनका कहना था कि इस तरह के सख्त प्रावधानों से हेट स्पीच और हेट क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
इस कार्यक्रम में विधायक रईस शेख, प्रदेश कार्याध्यक्ष युसूफ अबरानी, प्रमुख महासचिव मेराज सिद्दीकी, एडवोकेट रिजवान मर्चेंट, मौलाना एजाज कश्मीरी, निजामुद्दीन राइन, नसीम सिद्दीकी और सरफराज़ आरज़ू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


