मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव 2026 में अब 10 दिन से भी कम समय शेष है। ऐसे में प्रशासन ने मतदाता जागरूकता, शिक्षा और सूचना को लेकर ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों स्तरों पर व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत बीएमसी ‘मेरा वोट बिकाऊ नहीं’ टैगलाइन के साथ डिजिटल अभियान शुरू किया है। यह अभियान इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य फोकस युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है।


ज्ञात हो कि 2017 में हुए पिछले बीएमसी चुनावों में मतदान प्रतिशत 55.53 प्रतिशत रहा था। इस बार देश की सबसे अमीर नगरपालिकाओं में से एक बीएमसी के लिए नई संवैधानिक संस्था के चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन विशेष प्रयास कर रहा है। इसके अंतर्गत रेडियो, टेलीविजन और सार्वजनिक परिवहन जैसे लोकल ट्रेन और मेट्रो में जिंगल्स के जरिए भी मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।


प्रशासन ने शहरभर में कम से कम 20 नुक्कड़ नाटकों के आयोजन की योजना बनाई है। सोमवार सुबह मुंबादेवी मंदिर के बाहर स्कूली बच्चों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा गिरगांव चौपाटी, भायखला स्टेशन, गेटवे ऑफ इंडिया, सैंडहर्स्ट रोड, वर्ली नाका, दादर सहित मुंबई के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मतदान केंद्रों की योजना बनाते समय वार्डवार जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा गया है, ताकि मतदाताओं को आसानी से मतदान की सुविधा मिल सके। राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों और दिशानिर्देशों के अनुसार सभी 227 वार्डों के लिए अंतिम मतदान केंद्रों की सूची भी प्रकाशित कर दी गई है।कुछ मतदान केंद्र बड़े आवासीय परिसरों (हाउसिंग सोसायटी) के भीतर भी बनाए जाएंगे, जैसा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान किया गया था।
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पीने का पानी, शौचालय और रैंप जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ऐसा बीएमसी प्रशासन ने बताया।


