मुंबई वार्ता संवाददाता

भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई द्वारा आज दादर (पूर्व) स्थित स्वामी नारायण मंदिर के समक्ष “छत्रपति सम्मान मोर्चा” का आयोजन किया गया।यह मोर्चा महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना हिंदू द्रोही और क्रूर टीपू सुलतान से किए गए अत्यंत आपत्तिजनक एवं अपमानजनक बयान के कड़े विरोध में निकाला गया। मोर्चे में उक्त बयान की तीव्र शब्दों में निंदा की गई तथा तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की गई।


भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई अध्यक्ष एवं नगरसेवक तेजिंदर सिंग तिवाना के नेतृत्व में आयोजित इस मोर्चे में भाजयुमो मुंबई के जिला, मंडल एवं वॉर्ड स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में शिवप्रेमी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान की रक्षा करने का संकल्प व्यक्त किया।भारतीय जनता युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगौरव और हिंदवी स्वराज्य के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।


इस अवसर पर भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष और नगरसेवक तेजिंदर सिंग तिवाना ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र के आराध्य देवता, स्वराज्य के संस्थापक और हमारी अस्मिता के प्रतीक हैं। वे हिंदवी स्वराज्य की स्थापना करने वाले महान योद्धा हैं, जिन्होंने अन्याय, अत्याचार और विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध जीवनभर संघर्ष किया। उनकी तुलना टीपू सुलतान से करना, जिसने हजारों हिंदुओं का नरसंहार किया और धार्मिक असहिष्णुता के लिए कुख्यात रहा, यह न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से अनुचित है बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज का घोर अपमान है। यह बयान न केवल महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है, बल्कि पूरे भारत के हिंदू समाज की आस्था पर प्रहार है।
उन्होंने कहा कि हर्षवर्धन सपकाळ का यह बयान स्पष्ट रूप से ऐतिहासिक तथ्यों की अनदेखी करता है और वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान व्यक्तित्व को अपमानित करने का प्रयास है। छत्रपति शिवाजी महाराज हर भारतीय के आदर्श हैं और उनकी पूजा पूरे देश में की जाती है। यदि कांग्रेस नेता टीपू सुलतान को अपना आदर्श मानते हैं, तो उन्हें अपना डीएनए जांच कराना चाहिए। टीपू सुलतान जैसे क्रूर शासक और मुगलों की प्रशंसा करने वाली कांग्रेस के लिए भारत में कोई स्थान नहीं है। ऐसे लोग पाकिस्तान चले जाएं।


