■ बीएमसी आयुक्त ने घटनास्थल का किया दौरा
मुंबई वार्ता संवाददाता

कांदिवली क्षेत्र में अवैध फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हुए हमले के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगराणी ने रविवार को स्वयं घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली और अवैध फेरीवालों तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।


शनिवार (7 मार्च) को कांदिवली के विश्वकर्मण्ये चौक (लोखंडवाला सर्कल) इलाके में बीएमसी के आर-दक्षिण विभाग द्वारा अवैध फेरीवालों के खिलाफ निष्कासन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान भीड़ ने बीएमसी अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया और वाहनों व उपकरणों में तोड़फोड़ की।घटना के बाद आयुक्त भूषण गगराणी ने रविवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।


इस दौरान उन्होंने सड़क पर खड़ी गाड़ियों और फुटपाथ पर बने अवरोधों को तत्काल हटवाया। साथ ही डिलीवरी के लिए खड़ी की गई दोपहिया वाहनों से यातायात बाधित होने पर एक पिज्जा दुकान को तुरंत बंद करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के समय उपायुक्त (परिमंडल-7) डॉ. भाग्यश्री कापसे, आर-दक्षिण विभाग की सहायक आयुक्त आरती गोळेकर, महानगरपालिका के अधिकारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।


आयुक्त गगराणी ने कहा कि अवैध फेरीवालों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के कारण यातायात और पैदल चलने वालों को गंभीर परेशानी होती है। महानगरपालिका द्वारा इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है, लेकिन कर्तव्य निभा रहे अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करना निंदनीय है। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।
उन्होंने बताया कि हमले में अवैध फेरीवालों के साथ कुछ स्थानीय कॉलेज के छात्रों की भी भागीदारी सामने आई है। इस संबंध में संबंधित कॉलेजों को भी सूचना देकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यातायात और पैदल यात्रियों को बाधित करने वाले अवैध फेरीवालों और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ निष्कासन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


