मुंबई वार्ता /हरीशचंद्र पाठक

विश्व किडनी सप्ताह के अवसर पर घाटकोपर रेलवे स्टेशन परिसर में किडनी स्वास्थ्य जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह उपक्रम डॉ. सिद्धार्थ लखानी के मार्गदर्शन में तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एनईबीएस शाखा के सहयोग से आयोजित किया गया।


इस शिविर का आयोजन डॉ. देवांशी लखानी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एनईबीएस शाखा के अध्यक्ष डॉ. हरीश पांचाल और डॉ. दर्शना दोशी द्वारा किया गया। इस उपक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में किडनी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, किडनी रोगों की जल्द पहचान तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को समझाना था।शिविर के दौरान घाटकोपर स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को किडनी का स्वास्थ्य कैसे बनाए रखें, इसके बारे में मार्गदर्शन दिया गया।


उच्च रक्तचाप और मधुमेह को नियंत्रण में रखना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, बिना जरूरत दर्द निवारक दवाइयों का सेवन न करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना किडनी रोगों से बचाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया गया।साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किडनी से संबंधित बीमारियों का समय पर निदान हो जाए और जीवनशैली में उचित बदलाव किए जाएं, तो दीर्घकालीन किडनी रोगों की संभावना काफी हद तक कम की जा सकती है।


डॉ. सिद्धार्थ लखानी ने कहा कि ऐसे जनजागरूकता अभियानों से नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।


