मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक शशिकांत शिंदे ने कहा है कि उनकी पार्टी पर किसी भी राजनीतिक दल को नुकसान पहुंचाने के लिए “सुपारी” देने का आरोप लगाना पूरी तरह बचकाना है। उन्होंने यह बयान मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया।


शिंदे ने कहा कि जो लोग ऐसे आरोप लगा रहे हैं, उन्हें पहले यह देखना चाहिए कि उन्हें मुश्किल में डालने वाले उनके अपने सहयोगी दल ही तो नहीं हैं।विमान दुर्घटना के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अजित पवार से जुड़ी घटना में अब तक ब्लैक बॉक्स की रिपोर्ट सामने नहीं आई है और न ही सीआईडी जांच का खुलासा हुआ है। ऐसे में सच्चाई कब और कैसे सामने आएगी, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि रोहित पवार द्वारा उठाए गए संदेहों पर जांच एजेंसियों को गंभीरता से विचार करना चाहिए।अशोक खरात प्रकरण पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि इस मामले में कुछ बड़े नेताओं की तस्वीरों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने अंधश्रद्धा विरोधी कानून को और सख्त बनाने की भी मांग की।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि धर्म के नाम पर समाज में तनाव फैलाने वाली बयानबाजी से बचना चाहिए, वरना सामाजिक अशांति बढ़ सकती है।राष्ट्रवादी कांग्रेस के संभावित एकीकरण के मुद्दे पर शिंदे ने कहा कि पहले इस पर चर्चा से इनकार किया जा रहा था, लेकिन अब यह स्वीकार किया गया है कि बातचीत हुई थी।
फिलहाल पार्टी ने एकीकरण का विषय स्थगित कर दिया है और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।


