श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस के परिमंडल-8 द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत चोरी व गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए। कुल 287 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 84,43,479 रुपये है, बरामद कर लौटाए गए।


यह कार्रवाई परिमंडल-8 के अंतर्गत आने वाले बीकेसी, खेरवाड़ी, निर्मल नगर, वाकोला, विले पार्ले, सांताक्रूज और एयरपोर्ट पुलिस स्टेशनों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस ने चोरी, स्नैचिंग और अन्य मामलों में आरोपियों से मोबाइल बरामद किए, वहीं गुम हुए फोन को सीईआईआर प्रणाली के माध्यम से तकनीकी जांच कर ट्रेस किया गया।


मोबाइल वापसी कार्यक्रम का आयोजन विक्रोली स्थित पासायदान हॉल में किया गया, जहां मनीष कलवाणिया (पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-8) की मौजूदगी में नागरिकों को उनके फोन सौंपे गए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने खुशी जताई और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।


