मुंबई वार्ता /श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित मुंबई पब्लिक स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए प्रवेशोत्सव समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।


इस अवसर पर मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावड़े, शिक्षा समिति अध्यक्षा श्रीमती राजेश्री शिरवडकर, मनपा आयुक्त श्रीमती आश्विनी भिडे तथा अतिरिक्त आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर नन्हे विद्यार्थियों का स्वागत किया।


घाटकोपर के राजावाड़ी स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में महापौर रितू तावड़े ने लेझीम पथक के साथ स्वयं शामिल होकर बच्चों का अनोखे अंदाज में स्वागत किया और उनसे संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। विक्रोली के हरियाली विलेज स्कूल में शिक्षा समिति अध्यक्षा राजेश्री शिरवडकर ने विद्यार्थियों को उपहार वितरित किए।
दादर (पश्चिम) स्थित भवानी शंकर मार्ग स्कूल में मनपा आयुक्त आश्विनी भिडे ने बच्चों को गुलाब, पेंसिल और चॉकलेट देकर उनका स्वागत किया। साथ ही उन्होंने प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली और स्कूल की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण भी किया। गोवंडी के नटवर पारेख स्कूल में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे ने भी विद्यार्थियों से मुलाकात की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
बीएमसी ने ‘मिशन एडमिशन’ और ‘मिशन मेरिट’ जैसे उपक्रमों के साथ ‘गणित गुरुवार’ अभियान भी शुरू किया है, जिससे छात्रों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाई जा सके। इसके तहत खान अकादमी के साथ समझौता भी किया गया है।
दादर स्थित स्कूल में विद्यार्थियों ने कंप्यूटर लैब में आकाशगंगा, कोडिंग लैंग्वेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी, जिसकी आयुक्त ने सराहना की। वहीं छोटे बच्चों के पढ़ने के कौशल की भी प्रशंसा की गई।
आंकड़ों के अनुसार, घाटकोपर के राजावाड़ी स्कूल में प्री-प्राइमरी के 360 और कक्षा 1 से 10 तक कुल 700 विद्यार्थी पढ़ते हैं। वहीं दादर के भवानी शंकर मार्ग स्कूल में प्री-प्राइमरी के 270 विद्यार्थी हैं। बीएमसी के अंतर्गत CBSE की कुल 19 स्कूलें हैं, जिनमें प्री-प्राइमरी की 142 डिवीजनों में 5,573 और प्राथमिक की 279 डिवीजनों में 10,787 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।


