मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस के भायखळा पुलिस थाने ने “बोलचाल में उलझाकर चोरी” करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई परिमंडल-04 की पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर. के मार्गदर्शन में की गई।


पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे शिकायतकर्ता जोसेफ डी. फर्नांडिस (67) गोरेगांव में मिठाई की दुकान के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास आए और बातों में उलझाने लगे। एक आरोपी ने खुद को उनके रिश्तेदार का भाई बताते हुए विश्वास दिलाया, जबकि दूसरे ने भी बातचीत में साथ दिया।इसी दौरान आरोपियों ने चालाकी से उनके हाथ की थैली से सामान नीचे गिराया और उनका ध्यान भटकाकर गले की सोने की चेन निकाल ली। बाद में जब शिकायतकर्ता को शक हुआ और उन्होंने चेन टटोली, तो वह गायब थी। शोर मचाने पर एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।


शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और जांच के दौरान दूसरे आरोपी की पहचान नरेश उर्फ नन्या विजयकुमार जायसवाल (40) के रूप में हुई। उसे कल्याण क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि वह एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 51 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


