मुंबई वार्ता संवाददाता

नांदोस स्थित शिवकालीन गढ़ी के पुरातात्विक उत्खनन का राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने आज निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। पुरातत्व विभाग द्वारा किए जा रहे इस उत्खनन में लगातार नई ऐतिहासिक जानकारी सामने आ रही है।


दो दिवसीय सिंधुदुर्ग दौरे पर पहुंचे मंत्री शेलार ने जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। कुडाळ स्थित पंचायत समिति कार्यालय में उन्होंने क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक निलेश राणे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल काळसेकर, जिलाध्यक्ष प्रभाकर सावंत सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


इसके बाद कुडाळ में आयोजित विक्टर डांटस लॉ कॉलेज के दीक्षांत समारोह में मंत्री शेलार ने शिरकत की। उन्होंने विधि स्नातकों से संवाद कर उन्हें बधाई दी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कॉलेज प्रबंधन व शिक्षकों की सराहना की। इस कार्यक्रम में विधायक निलेश राणे, डी.ई.एस. पुणे के प्रतिनिधि, प्राचार्य डॉ. सुनीता आढाव, डॉ. तारक आरोलकर, व्हिक्टर एफ. डांटस सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
दौरे के दौरान मंत्री शेलार ने जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा आयोजित आधार किट वितरण कार्यक्रम में भी भाग लिया और सेवा केंद्र किट का वितरण किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा उन्होंने कट्टा में शतक महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर कला दालन का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और सांस्कृतिक विकास के लिए ऐसे उपक्रमों को महत्वपूर्ण बताया।


