श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र में वोटर मैपिंग की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन अधिकारी (RO) रामदास दगडे, चुनाव आयोग के अधिकारियों और BLO के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैपिंग के दौरान आम जनता को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा हुई।


क्षेत्र में लगभग 300 BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल केवल 180 ही उपलब्ध हैं। इनमें से भी अधिकांश शिक्षक होने के कारण सक्रिय BLO की संख्या करीब 80 तक सीमित है। कर्मचारियों की कमी के चलते अब तक केवल 22% वोटर मैपिंग का कार्य ही पूरा हो पाया है, जिससे लोगों को बार-बार RO कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।


इस मुद्दे को देखते हुए अबू आसिम आज़मी फाउंडेशन और समाजवादी पार्टी प्रशासन के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हर वार्ड से BLA (बूथ लेवल एजेंट) की सूची चुनाव आयोग को सौंपी जा रही है, ताकि BLO के कार्य में सहयोग मिल सके।
बैठक में मैपिंग के बाद रसीद वितरण, अन्य राज्यों में दोहरे नाम और वर्ष 2002 से पहले के पुराने रिकॉर्ड से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
विधायक अबू आसिम आज़मी ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि किसी भी व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट से हटने न पाए।


