मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में हुए ड्रग्स कांड में गिरफ्तार चार आरोपियों की पुलिस हिरासत सोमवार को चार दिन के लिए बढ़ा दी गई। इन आरोपियों में आनंद लक्ष्मण पटेल, विनित सुनिल गेरेलानी, शुभ रामलखन अग्रवाल और आयुष विकी साहित्य शामिल हैं।


पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद इन सभी को कड़ी सुरक्षा के बीच बोरीवली स्थित स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों की जांच में ड्रग्स की खरीद-फरोख्त से जुड़े ऑनलाइन लेनदेन सामने आए हैं, जिसके चलते आगे की जांच के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि नेस्को सेंटर में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान शराब और ड्रग्स के सेवन के बाद दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई थी, जबकि एक युवती का अभी इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से पांच आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि बाकी पांच पुलिस हिरासत में थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक बड़े ड्रग्स तस्कर के संपर्क में थे और उसकी पत्नी के बैंक खाते में भी कुछ संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन किए गए थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।


