मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के ‘ई’ विभाग ने मौलाना शौकत अली मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा जमाए पुराने फर्नीचर विक्रेताओं और अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान उपायुक्त (परिमंडल 1) चंदा जाधव के मार्गदर्शन में और सहायक आयुक्त आनंद कंकाळ के नेतृत्व में चलाया गया।


मुरली देवरा नेत्र अस्पताल से लेकर जे. जे. अस्पताल सिग्नल तक के क्षेत्र में फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही थी। लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ रहा था, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी के अतिक्रमण हटाओ दल और मुंबई पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथों पर फैला पुराना फर्नीचर जेसीबी मशीन की मदद से मौके पर ही तोड़कर हटाया गया और मलबा तुरंत साफ किया गया। साथ ही, इलाके में मौजूद अनधिकृत फेरीवालों को भी हटाया गया।
इस कार्रवाई में 1 जेसीबी, 4 मजदूर, 3 अधिकारी और 2 इंजीनियर शामिल थे, जबकि नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के 9 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किए गए थे।
बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


