मुंबई वार्ता संवाददाता

अमरनाथ यात्रा के लिए आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बिना किसी मेडिकल जांच के जारी करने के बदले रिश्वत मांगने वाले भाईंदर स्थित भीमसेन जोशी अस्पताल के एक कर्मचारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार (24 तारीख) शाम 3,600 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।


जानकारी के अनुसार, अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शारीरिक रूप से फिट होने का मेडिकल सर्टिफिकेट अनिवार्य होता है। शिकायतकर्ता और उनके साथी यह प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उसी दौरान अस्पताल कर्मचारी अमित किणी ने उन्हें बताया कि डॉक्टर से मिलने या किसी प्रकार की जांच की आवश्यकता नहीं है और प्रति व्यक्ति 500 रुपये की मांग की।
बातचीत के बाद प्रति व्यक्ति 400 रुपये पर सहमति बनी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पालघर एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया।
शुक्रवार शाम को आरोपी अमित किणी को नौ प्रमाणपत्रों के लिए कुल 3,600 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है और मेडिकल प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


