मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सिर में कोयता धंसा होने के बावजूद एक युवक खुद पैदल शीव स्थित लोकमान्य टिळक अस्पताल पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसे देखकर लोग स्तब्ध रह गए।


जानकारी के अनुसार, मानखुर्द निवासी 27 वर्षीय रोहित पवार का कुछ दिन पहले अपने घर के पास रहने वाले नाबालिग लड़कों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में करीब एक हफ्ते पहले तीन नाबालिगों ने उस पर कोयते से हमला कर दिया, जिससे कोयता उसके सिर में धंस गया।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रोहित पवार खुद चलकर अस्पताल पहुंचा और इस दौरान वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता हुआ भी नजर आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि नारियल काटने वाला कोयता करीब 1.5 इंच तक सिर में घुसा हुआ था। न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी कर कोयता सफलतापूर्वक निकाल दिया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल युवक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
वहीं, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है। मानखुर्द पुलिस इस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।


