श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

रितू तावडे ने वाकोला स्थित मछली बाजार का दौरा कर कोली समुदाय की महिलाओं और मछली विक्रेताओं को आश्वस्त किया कि महानगरपालिका द्वारा मछली काटने पर किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि वाकोला समेत मुंबई के सभी मछली बाजारों में मछली विक्रेता बिना किसी डर के अपना व्यवसाय जारी रखें। उन्होंने कहा, “मी हाय तुझ्या पाठीशी, म्हावरं काप बिनधास्त” यानी “मैं आपके साथ हूं, बेझिझक मछली काटें।”


हाल ही में कुछ मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह खबर प्रसारित हुई थी कि वाकोला फिश मार्केट में मछली काटने पर मनपा प्रशासन ने रोक लगा दी है। इसी पृष्ठभूमि में महापौर ने आज सुबह बाजार पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय कोली महिलाओं से बातचीत की।


महापौर ने कहा कि मुंबई के मूल निवासी के रूप में कोली समाज की एक विशेष पहचान है और बृहन्मुंबई महानगरपालिका उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील करते हुए कहा कि मछली काटने पर रोक संबंधी खबरें पूरी तरह भ्रामक और अपप्रचार का हिस्सा हैं।
इस दौरान स्थानीय मछली विक्रेताओं ने भी महापौर को बताया कि उन्हें किसी प्रकार की रोक-टोक या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। महापौर ने भरोसा दिलाया कि यदि भविष्य में कोई बाधा उत्पन्न करता है तो वे सीधे उनसे संपर्क करें, सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।


