श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई से बैंकॉक हीरों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने 5.70 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे शरीर के अंदर छिपाकर ले जा रहे दो पर्यटकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महज 15 हजार रुपये प्रति ट्रिप के लालच में कैरियर के तौर पर काम कर रहे थे।


डीआरआई सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु निवासी इम्तियाज मोहम्मद मारसुक (31) और सैबू अली खान शेख (31) के जरिए बड़ी मात्रा में हीरे भारत से बाहर तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर दोनों को रोककर जांच की गई।
तलाशी और एक्स-रे जांच के दौरान अधिकारियों को उनके शरीर के अंदर अंडाकार पैकेट छिपाए जाने का पता चला। जब इन पैकेट्स को उनके मलद्वार से बाहर निकाला गया, तब कुल चार अंडाकार कैप्सूल बरामद हुए। इन कैप्सूलों के भीतर 20 छोटे पाउच में हीरे छिपाकर रखे गए थे।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दावा किया कि मुंबई के एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें ये हीरे दिए थे। उन्हें बैंकॉक पहुंचाने के बदले 15 हजार रुपये मिलने वाले थे। जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों किसी बड़े तस्करी गिरोह के लिए कैरियर का काम कर रहे थे।
डीआरआई ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग हैं और पूरा रैकेट कैसे संचालित किया जा रहा था।


