मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के पालघर जिला में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दहानू तालुका के धानीवारी गांव के पास शाम करीब 4 बजे हुआ।


पुलिस के अनुसार, एक आइशर टेंपो में सवार 50 से अधिक लोग सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। यह वाहन बापुगांव खडकीपाड़ा गांव निवासी बालाराम जयराम दांडेकर के परिवार के समारोह के लिए निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री वाहन में फंस गए। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल तथा धुंडलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया।
अधिकारियों के मुताबिक करीब 20 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं। देर शाम तक राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टेंपो में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। तेज रफ्तार, सड़क का संकरा हिस्सा और वाहन चालक के नियंत्रण खोने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


