श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

आगामी ईद-उल-अज़हा (बकरी ईद) को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मनाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबु आसिम आजमी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


इस दौरान अबू आसिम आज़मी ने मुख्य सचिव को एक ज्ञापन सौंपकर देवनार बकरा मंडी, पशु व्यापारियों और कुर्बानी के जानवरों के परिवहन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।


ज्ञापन में मांग की गई कि नियमों के तहत जानवरों का परिवहन करने वाले व्यापारियों और आम नागरिकों को रास्ते में पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इसके अलावा देवनार स्लॉटर हाउस परिसर में पीने के स्वच्छ पानी, साफ-सुथरे शौचालय, वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था तथा जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए शेड और वॉटर स्प्रिंकलर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
आजमी ने बीमार जानवरों के इलाज के लिए डॉक्टरों की टीम 24 घंटे तैनात रखने की मांग करते हुए आर्थिक राहत के तौर पर बकरों की एंट्री फीस 20 रुपये और भैंसों की 200 रुपये निर्धारित करने का सुझाव दिया। साथ ही देवनार स्लॉटर हाउस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त, सीसीटीवी कैमरे और 24 घंटे ड्रोन निगरानी की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
विधायक अबू आसिम आज़मी ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि बकरी ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हो, इसके लिए सभी मांगों पर तत्काल उचित कार्रवाई की जाए।


