श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई अपराध शाखा ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में दर्ज फायरिंग और विस्फोटक मामले के तीन मुख्य आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिवपुर पुलिस थाना, हावड़ा में दर्ज गंभीर आपराधिक मामले में की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज है।


पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होकर मुंबई आ गए थे और देवनार क्षेत्र स्थित एक एसआरए बिल्डिंग में छिपकर रह रहे थे। इस संबंध में मुंबई अपराध शाखा की कक्ष-6 को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का उपयोग करते हुए कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पश्चिम बंगाल के शिवपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कई गंभीर मामलों में संलिप्तता सामने आई है। इसके बाद हावड़ा पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
शमीम अहमद अब्दुल रशीद (40 वर्ष)
जमील अख्तर अली (43 वर्ष)
अफताब अनवर खुर्शीद अनवर (44 वर्ष)
तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के शिवपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कई अन्य मामलों में भी वांछित थे। इस पूरी कार्रवाई को मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अजीत कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय और पुलिस उपायुक्त नवनीत डावले के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
इस ऑपरेशन में अपराध शाखा कक्ष-6 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक भरत घोणे सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


