मुंबई वार्ता संवाददाता

वसई पुलिस ने हत्या के आरोपी अविनाश सोनी को हिरासत से फरार कराने के मामले में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में आरोपी की पत्नी साक्षी सोनी (40) और बेटे अतुल सोनी (21) को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार, 18 मई को हत्या के आरोपी अविनाश सोनी को नियमित सुनवाई के लिए वसई कोर्ट ले जाया गया था। मुख्यालय में तैनात कॉन्स्टेबल एकनाथ तलपड़े, कॉन्स्टेबल प्रशांत राठौड़ और हवालदार वसीम शेख को कैदियों को कोर्ट ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पूछताछ में कॉन्स्टेबल तलपड़े ने दावा किया कि अविनाश सोनी शौचालय जाने के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हालांकि पुलिस को इस कहानी पर शक हुआ, जिसके बाद समानांतर जांच शुरू की गई।
जांच में खुलासा हुआ कि तीनों पुलिसकर्मियों ने मिलकर अविनाश सोनी को भगाने की साजिश रची थी। आरोप है कि कॉन्स्टेबल प्रशांत राठौड़ ने सोनी से 45 हजार रुपये लिए, जबकि कॉन्स्टेबल एकनाथ तलपड़े उसे निजी वाहन से उसके घर तक लेकर गया, जहां से वह फरार हो गया। हवालदार वसीम शेख पूरे ऑपरेशन का समन्वय कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, अविनाश सोनी वर्ष 2009 के नालासोपारा हत्या मामले में आरोपी है। वह लंबे समय से फरार था और दिसंबर 2025 में उसे गिरफ्तार किया गया था।


