श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के मरीन ड्राइव इलाके में देर रात नियमित जांच अभियान के दौरान तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


यह घटना रविवार तड़के वानखेड़े स्टेडियम के पास हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक मर्सिडीज कार को रुकने का इशारा किया था। कार 29 वर्षीय निहाल सोलंकी चला रहा था।
आरोप है कि चालक ने पुलिस के निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए कार को तेज गति से सीधे पुलिसकर्मियों की ओर दौड़ा दिया, जिससे दोनों जवान उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी चालक निहाल सोलंकी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पुलिस नियमित नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान चला रही थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


