श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के वडाला इलाके में कपड़े की दुकान चलाने वाली 57 वर्षीय महिला के साथ चोरी की घटना सामने आई है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि एक अज्ञात युवक पानी मांगने के बहाने दुकान में आया और मौका देखकर उनका महंगा मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया।


शिकायतकर्ता अरुणा राजेंद्र जैन वडाला स्थित लक्ष्मीनारायण रोड पर “राणीशा फैशन” नाम से कपड़े की दुकान चलाती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 मई 2026 की दोपहर करीब 12 बजे वह रोज की तरह दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे एक युवक दुकान में आया और महिलाओं के सलवार सूट देखने लगा।


कुछ देर कपड़े देखने के बाद युवक ने पानी मांगा। महिला जब कांच के काउंटर से दूर जाकर पानी लेने गईं, तभी आरोपी ने काउंटर पर रखा उनका मोबाइल फोन चुरा लिया। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी गाड़ी दूर पार्क है और वह सामान लेकर आता है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
महिला ने जब मोबाइल खोजा तो वह नहीं मिला।
उन्होंने दूसरे फोन से अपने नंबर 8767063789 पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। बाद में उन्हें समझ आया कि युवक ने सुनियोजित तरीके से पानी मांगकर ध्यान भटकाया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरी हुए मोबाइल की जानकारी के अनुसार फोन Apple कंपनी का iPhone 17 Pro मॉडल है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


