मुंबई वार्ता संवाददाता

दिल्ली में हाल ही में एक होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत के बाद मुंबई महानगरपालिका ने शहरभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच का फैसला लिया है। शनिवार से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत होटल, बार, जिमखाना, मॉल, पार्टी हॉल, पब, नाइट क्लब और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया जाएगा।


महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें 20 जून तक विशेष निरीक्षण अभियान चलाएंगी। इस दौरान यह जांच की जाएगी कि संबंधित प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर अलार्म, हाइड्रेंट व्यवस्था, किचन डक्टिंग और आपातकालीन निकासी मार्ग जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से कार्यरत हैं या नहीं।
महानगरपालिका ने अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई भी तेज कर दी है। शुक्रवार को अंधेरी पश्चिम स्थित वॉकमैन बार, बोरा बोरा, चाइना गेट, कार वन सेराई और होमटाउन होटल-बार में खुले स्थानों पर किए गए अवैध निर्माण और शेड हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 17 व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर, माइक्रोवेव ओवन और अन्य सामग्री जब्त की गई।
अधिकारियों के अनुसार, अग्नि सुरक्षा कानूनों के तहत होटल और बारों को अग्निशमन वाहनों की आवाजाही और आपातकालीन निकासी के लिए कुछ खुली जगह बनाए रखना अनिवार्य है। लेकिन कई प्रतिष्ठानों ने इन स्थानों पर रसोईघर, शेड और अन्य व्यावसायिक निर्माण कर लिए हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
महानगरपालिका अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा जांच नियमित रूप से जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में कमला मिल्स परिसर स्थित मोजो-बिस्ट्रो पब में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हुई थी। इसके बावजूद आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, जिसके बाद अब महानगरपालिका ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा अभियान शुरू किया है।


