मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र सरकार ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सहायक नगर आयुक्त महेश पाटिल को 16 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में रविवार को निलंबित कर दिया। पाटिल के खिलाफ अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी समेत अन्य निवेशकों से धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है।


हबीबा जाफरी ने पिछले महीने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया था कि उनकी मुलाकात बीएमसी वार्ड कार्यालय में महेश पाटिल से हुई थी। पाटिल ने उन्हें बांद्रा के एक पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) प्रोजेक्ट में निवेश करने की सलाह दी और कारोबारी निशित पटेल के माध्यम से निवेश करने को कहा।


शिकायत के अनुसार, निवेशकों से नकदी, विदेशी मुद्रा और आभूषणों के रूप में कुल 16.24 करोड़ रुपये लिए गए। इसके बदले उन्हें कथित तौर पर फर्जी सरकारी दस्तावेज सौंपे गए।
खार पुलिस ने इस मामले में महेश पाटिल और पांच अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले में कारोबारी निशित पटेल को पिछले महीने गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह पहली बार नहीं है जब महेश पाटिल विवादों में घिरे हैं। इससे पहले नवंबर 2025 में संदिग्ध निवेश संबंधी आरोपों के चलते उन्हें एक महीने के लिए अनिवार्य अवकाश पर भेजा गया था।


