मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र 22 जून से मुंबई में शुरू होगा। राज्यपाल विष्णु देव वर्मा की मंजूरी के बाद विधानमंडल सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से, जबकि विधान परिषद की कार्यवाही दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।


बजट सत्र के बाद होने वाले इस मानसून सत्र के भी हंगामेदार रहने के संकेत हैं। राज्य के विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा, वहीं सत्तापक्ष भी विपक्ष के कुछ मुद्दों को उठाकर जवाबी रणनीति अपना सकता है।
महाराष्ट्र में सामान्यतः हर वर्ष कम से कम तीन सत्र आयोजित किए जाते हैं, जिनमें से एक सत्र नागपुर में होता है। अब नागपुर में विधानमंडल की नई इमारत के निर्माण के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये के कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और इसी वर्ष से काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में चर्चा है कि इस वर्ष का शीतकालीन सत्र नागपुर में आयोजित नहीं हो पाएगा।
P
फिलहाल, 22 जून से शुरू होने वाला मानसून सत्र मुंबई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।


