मुंबई वार्ता संवाददाता

कल्याण पूर्व स्थित यू-टाइप रोड के विस्तारीकरण से प्रभावित होने वाले रहिवासियों के पुनर्वसन की मांग को लेकर गुरुवार को पुनर्वसन कृती समिति ने कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) मुख्यालय के सामने जन मोर्चा और धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में सैकड़ों संभावित प्रभावित नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता दिखाई।


यू-टाइप रोड के चौड़ीकरण के कारण कई स्थानीय परिवारों के सामने बेघर होने का खतरा पैदा हो गया है। प्रभावित नागरिकों के पुनर्वसन के लिए हाल ही में पुनर्वसन कृती समिति का गठन किया गया था। समिति के बैनर तले आयोजित इस मोर्चे में प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जब तक प्रभावितों के पुनर्वसन की व्यवस्था नहीं की जाती और प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक सड़क चौड़ीकरण का काम रोका जाए।


पुनर्वसन कृती समिति का नेतृत्व कर रहे उदय रसाल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर मनपा आयुक्त से विस्तृत चर्चा की। आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि पुनर्वसन की व्यवस्था किए बिना किसी भी नागरिक को विस्थापित नहीं किया जाएगा।
इस जन मोर्चे को समर्थन देने पहुंचे कल्याण शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सिंह ने कहा कि बिना पुनर्वसन के किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनपा प्रशासन प्रभावित नागरिकों के साथ न्याय नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी उग्र जन आंदोलन छेड़ेगी।


