मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

समाजवादी पार्टी मुंबई/महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने तथा गाय के नाम पर हिंसा करने वाले तथाकथित गौरक्षकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


आज़मी ने कहा कि हिंदू समाज में गाय को पवित्र माना जाता है और उससे प्राप्त दूध सहित अन्य उत्पादों का आर्थिक महत्व भी है। ऐसे में देशी गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने गायों की सुरक्षा के लिए कड़े और प्रभावी कानून बनाए जाने पर भी जोर दिया।


प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में आज़मी ने कहा कि गायों की रक्षा सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके नाम पर कानून को हाथ में लेने और हिंसा फैलाने की किसी को अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने मांग की कि स्वयं को गौरक्षक बताने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए जो गाय वध या तस्करी के संदेह में लोगों पर हमला करते हैं।
आज़मी ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में गाय वध और गाय तस्करी के शक में भीड़ द्वारा हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जो कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए।
उन्होंने कहा कि गाय के संरक्षण के साथ-साथ कानून का राज कायम रखना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति को हिंसा का शिकार न होना पड़े और समाज में शांति एवं भाईचारा बना रहे।


