मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य के अनेक हिस्सों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है, जिससे बड़े पैमाने पर जन-धन की हानि हो रही है। बारिश के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरती जानी चाहिए थीं, लेकिन भाजपा महायुति सरकार और प्रशासन की कोई तैयारी दिखाई नहीं दे रही है। मुंबई क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों में हुई विभिन्न घटनाओं में 12 लोगों की मृत्यु हुई है। ये मौतें प्राकृतिक आपदा के कारण नहीं, बल्कि फडणवीस की सुल्तानी आपदा के कारण हुई हैं। इन 12 मौतों के मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (कलपेबल होमिसाइड) का मामला दर्ज किया जाना चाहिए, ऐसी मांग महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है।


गांधी भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा कि मिसिंग लिंक परियोजना पर 7,181 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन उद्घाटन के महज दो महीने के भीतर ही सरकार को इस मार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। इस परियोजना की सुरक्षा को लेकर पृथ्वीराज चव्हाण के मुख्यमंत्री रहते हुए विशेषज्ञों ने 13 गंभीर आपत्तियां दर्ज की थीं। इनमें लोणावला बांध के समीप संरेखण (अलाइनमेंट), सुरंगों की सुरक्षा, भूगर्भीय स्थिरता तथा अन्य तकनीकी मुद्दे शामिल थे। इन गंभीर आपत्तियों पर ध्यान देने के बजाय जल्दबाजी में काम पूरा किया गया, उद्घाटन के कार्यक्रम आयोजित कर श्रेय लेने और भ्रष्टाचार करने की होड़ मचाई गई। परिणामस्वरूप पिलर क्षतिग्रस्त हुआ और यातायात बंद करना पड़ा। कमीशनखोरी के लालच में तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा उठाए गए गंभीर मुद्दों की अनदेखी कर जनता के धन और जीवन को खतरे में डालने की फडणवीस सरकार की प्रवृत्ति लगातार सामने आ रही है।


■ ‘मिसिंग लिंक टेस्टिंग पीरियड’ पर मुख्यमंत्री का बयान शर्मनाक
मिसिंग लिंक पर गड्ढे पड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा इसे “टेस्टिंग पीरियड” बताए जाने पर हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान बेहद निर्लज्जता भरा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या वर्ष 2014 से भाजपा की सरकार बनने के बाद से अब तक पूरा शासन ही “टेस्टिंग पीरियड” में चल रहा है? जिस तरह राम मंदिर में हुई चोरी को छिपाया जा रहा है, उसी प्रकार मिसिंग लिंक परियोजना में हुए भ्रष्टाचार को भी छिपाने का यह एक असफल प्रयास है। मिसिंग लिंक परियोजना की विफलता भ्रष्टाचार का सीधा परिणाम है। जितने अधिक इंजन लगाए जाएंगे, भ्रष्टाचार उतना ही बढ़ेगा। भाजपा महायुति सरकार ने अपने स्वार्थ और लाभ के लिए मुंबई का भी नुकसान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह “सरेंडर” हो चुके हैं, इसलिए अपनी नाकामी छिपाने के लिए लगातार विदेश यात्राएं करते रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कभी-कभी भारत में भी रुकना चाहिए।


