मुंबई वार्ता संवाददाता

अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ (पूर्व शीर्षक ‘पंजाब ’95’) को भारत में ZEE5 से हटाए जाने के बाद अब देशभर के कई गुरुद्वारों में इसकी सामुदायिक स्क्रीनिंग की जाएगी। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू के गुरुद्वारा प्रबंधन इस फिल्म को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गए हैं।


सूत्रों के अनुसार, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से जुड़े गुरुद्वारा प्रबंधन ने मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित इस फिल्म की स्क्रीनिंग आयोजित करने की योजना बनाई है, ताकि उनकी कहानी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।


जम्मू में 10 से 13 जुलाई के बीच चार गुरुद्वारों में फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्टर के अनुसार 11 जुलाई को जयपुर के चांदी की टकसाल गुरुद्वारा स्थित बाबा फतेह सिंह ऑडिटोरियम में भी फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने फिल्म को ZEE5 पर दोबारा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए गुरुद्वारों में सामुदायिक स्क्रीनिंग के फैसले का समर्थन किया है।
SGPC से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “सिख समुदाय नहीं चाहता कि सिर्फ OTT प्लेटफॉर्म से फिल्म हट जाने के कारण जसवंत सिंह खालड़ा की कहानी लोगों तक पहुंचने से रुक जाए। यदि दर्शक इसे ऑनलाइन नहीं देख सकते, तो गुरुद्वारे अपने दरवाजे खोल रहे हैं। यह कहानी लोगों तक पहुंचनी चाहिए।”
गौरतलब है कि हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 3 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन 5 जुलाई को इसे प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते हटाया गया है। हालांकि, इस संबंध में ZEE5 की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया के लिए SGPC से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं मिल सकी।


