श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के विले पार्ले स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कूपर अस्पताल में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के भूतल पर स्थित ओपीडी (ओपीडी) परिसर के पास बने शौचालय में एक नवजात शिशु का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने जुहू पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय सामने आई जब सोमवार सुबह अस्पताल में मरीजों की सामान्य से अधिक भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला ओपीडी के पास स्थित शौचालय में गई। वहां उसने कमोड के अंदर नवजात शिशु का हाथ बाहर निकला हुआ देखा। यह भयावह दृश्य देखते ही महिला चीख पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महिला की आवाज सुनकर अस्पताल के सुरक्षा कर्मी और चिकित्सा कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद कमोड से नवजात का शव बाहर निकाला गया। अस्पताल परिसर के भीतर इस तरह नवजात का शव मिलने की घटना से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को अस्पताल के शौचालय तक कौन लाया और वहां किसने छोड़ा।
जांच के तहत पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के समय ओपीडी क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध महिलाओं और अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात मृत पैदा हुआ था या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।


