मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में प्रतिबंधित पाकिस्तानी कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुसाफिरखाना इलाके में छापेमारी कर कथित ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान एक दुकान से करीब 4.60 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित पाकिस्तानी ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए गए।


प्रारंभिक जांच के अनुसार, जब्त किए गए उत्पादों में पाकिस्तान में निर्मित ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और अन्य सौंदर्य प्रसाधन शामिल हैं, जिनके आयात और बिक्री पर भारत में प्रतिबंध है। अधिकारियों को संदेह है कि यह केवल एक दुकान का मामला नहीं, बल्कि प्रतिबंधित कॉस्मेटिक्स की आपूर्ति करने वाले संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
एफडीए ने सभी उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि इन उत्पादों में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायन, जैसे मरकरी (पारा), निर्धारित सीमा से अधिक तो नहीं हैं। हाल के महीनों में महाराष्ट्र में ऐसे उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, क्योंकि इनसे त्वचा और किडनी संबंधी गंभीर स्वास्थ्य जोखिम होने की आशंका जताई गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सामान मुंबई तक कैसे पहुंचा, इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन बाजारों में इसकी बिक्री की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां तथा छापेमारी की जा सकती है।


