मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई लोकल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। मध्य रेलवे ने हार्बर लाइन पर मस्जिद और सैंडहर्स्ट रोड स्टेशनों के बीच स्लीपर बदलने और आवश्यक रखरखाव कार्य के लिए चार दिनों का रात्रिकालीन पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है। यह ब्लॉक 15-16 जुलाई की मध्यरात्रि से 18-19 जुलाई की मध्यरात्रि तक प्रतिदिन रात 1:15 बजे से सुबह 4:15 बजे तक रहेगा।


ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी और वडाला रोड के बीच लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। कुछ लोकल ट्रेनें वडाला रोड तक ही संचालित की जाएंगी, जबकि सीएसएमटी से चलने वाली दिन की अंतिम गोरेगांव लोकल लगातार चार दिनों तक रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेने और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
मध्य रेलवे के अनुसार यह कार्य ट्रैक और स्लीपरों के रखरखाव के लिए किया जा रहा है, जिससे भविष्य में लोकल ट्रेन सेवाएं अधिक सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित स्टेशनों पर अतिरिक्त घोषणाएं और सहायता व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी।


