मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के घाटकोपर स्थित रमाई आंबेडकर नगर में शिवसेना (शिंदे गुट) के भीतर का विवाद खुलकर सामने आ गया। बिल्डर के काम को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें वार्ड 125 के शिवसेना नगरसेवक सुरेश आवळे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार, शिवसेना के विधानसभा प्रमुख यशवंत मोरे और नगरसेवक सुरेश आवळे के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। आरोप है कि इलाके में बिल्डर से जुड़े कार्यों को हथियाने को लेकर दोनों नेताओं के बीच विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बात हाथापाई तक पहुंच गई।


स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सुरेश आवळे की कार्यशैली और कथित एकतरफा फैसलों से नाराज होकर यशवंत मोरे ने समर्थकों के साथ उनका विरोध किया। इसी दौरान आवळे के साथ मारपीट की घटना हुई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।


इस घटना ने शिवसेना (शिंदे गुट) के अंदर चल रही गुटबाजी को सार्वजनिक कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में इसे पार्टी के स्थानीय नेतृत्व के बीच बढ़ते टकराव के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही पुलिस की ओर से किसी शिकायत या एफआईआर की पुष्टि की गई है। यदि शिकायत दर्ज होती है तो पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।
घटना के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में इस विवाद को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह मामला शिवसेना (शिंदे गुट) के लिए राजनीतिक असहजता का कारण बन सकता है।


