मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की बांद्रा यूनिट ने नागपाड़ा इलाके में कार्रवाई करते हुए 26.50 लाख रुपये मूल्य की एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ एक 56 वर्षीय आरोपी मोहम्मद फहीम खलील अहमद कुरेशी को गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी एंटी नार्कोटिक्स सेल बांद्रा यूनिट के पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


पुलिस निरीक्षक चंदनशिवे के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एएनसी बांद्रा यूनिट की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान फौजी अस्पताल के पास, बापटी रोड, धोर चाल, अरब गली, नागपाड़ा (मुंबई-400008) क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 106 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के अपराध क्रमांक 405/2026 तथा एएनसी अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी) और 22(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के नए प्रावधानों के अनुसार मौके पर ही पंचनामा और उसकी वीडियोग्राफी की गई। मामले की आगे की जांच एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम कर रही है।


