मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे निजी कैब एग्रीगेटर कंपनियों के मुकाबले अधिक पारदर्शी, किफायती और ड्राइवर हितैषी सेवा बताया।


इस सेवा का उद्घाटन केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि ओला और उबर जैसी कंपनियों ने शहरी परिवहन को नई दिशा दी है, लेकिन त्योहारों और खराब मौसम के दौरान यात्रियों को डायनेमिक प्राइसिंग के कारण अधिक किराया देना पड़ता है। वहीं, ड्राइवरों को भी भारी कमीशन चुकाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ सहकारी मॉडल पर आधारित है, जिसमें यात्रियों और ड्राइवरों को सीधे जोड़ा गया है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है।
उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक ही मोबाइल ऐप पर कार, ऑटो-रिक्शा और बाइक टैक्सी की सुविधा उपलब्ध होगी। किराया मुंबई की काली-पीली टैक्सियों की तर्ज पर तय किया गया है। इसके तहत पहले 1.5 किलोमीटर के लिए 31 रुपये और उसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 21 रुपये का किराया लिया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि सहकारी मॉडल के जरिए ड्राइवर केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि संगठन के सदस्य और सह-मालिक बनते हैं। इससे उन्हें लाभांश (डिविडेंड) का भी हिस्सा मिलेगा। उन्होंने बताया कि देशभर के करीब 8 लाख ड्राइवर इस सहकारी संस्था से जुड़ चुके हैं और अब तक 77 करोड़ रुपये बिना किसी कमीशन कटौती के सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।
सरकार का दावा है कि ‘भारत टैक्सी’ सेवा यात्रियों को उचित किराए पर परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ ड्राइवरों की आय बढ़ाने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।


