मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय
समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी ने अहिल्यानगर महानगरपालिका द्वारा धार्मिक स्थलों को लेकर जारी की गई सात दिनों की नोटिस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर संबंधित संस्थाओं और नागरिकों को अपने दस्तावेज़ प्रस्तुत करने के लिए कम से कम दो से तीन महीने का समय देने का आग्रह किया है।

अबू आज़मी ने कहा कि केवल सात दिनों का समय देना न तो व्यावहारिक है और न ही न्यायसंगत। उन्होंने कहा कि कई धार्मिक स्थल वर्षों पुराने हैं, जिनसे जुड़े दस्तावेज़ एकत्र करने और उनकी कानूनी स्थिति स्पष्ट करने में पर्याप्त समय लगता है। ऐसे में बिना उचित अवसर दिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई करना उचित नहीं होगा।


उन्होंने बताया कि इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। साथ ही प्रशासन को निर्देश देने की मांग की है कि किसी भी धार्मिक स्थल के खिलाफ पूरी जांच-पड़ताल और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना जल्दबाजी में कोई कार्रवाई न की जाए।
अबू आज़मी ने कहा कि सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जो धार्मिक स्थल कानूनी और अधिकृत हैं, उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कानून के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी निर्णय लिया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस विषय की गंभीरता को समझते हुए न्यायपूर्ण, संतुलित और संवेदनशील फैसला करेगी, जिससे सामाजिक सौहार्द, शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।


