श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के एमआईडीसी पुलिस थाना की अपराध शाखा ने इलेक्ट्रिक मोटर स्कूटर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुंबई के विभिन्न इलाकों से चोरी की गई 99 इलेक्ट्रिक मोटर स्कूटर बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 6.18 करोड़ रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को अंधेरी (पूर्व) स्थित ओपस सेंटर के सामने पार्क की गई एक इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दूसरे आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
■ गिरफ्तार आरोपी
● मोहसिन अकबरअली मालबंदे (25 वर्ष), निवासी जोगेश्वरी (पूर्व), मुंबई।
● अरफात रफीक शेख (22 वर्ष), निवासी कुर्ला (पश्चिम), मुंबई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मुंबई के मुंबई सेंट्रल, चांदीवली, चूनाभट्टी, विक्रोली, दादर, वाकोला, अंधेरी और वरली समेत कई इलाकों से इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 99 चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटर बरामद की हैं। इनमें से 2 स्कूटर एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में दर्ज दो मामलों की हैं, जबकि 97 अन्य स्कूटर मुंबई के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद सभी स्कूटरों के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के वाहनों को किन-किन लोगों तक पहुंचाया गया और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
इस कार्रवाई से एमआईडीसी पुलिस ने अब तक दो दर्ज मामलों का खुलासा करने के साथ-साथ 99 चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटर बरामद कर एक बड़े वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
यह पूरी कार्रवाई सहपुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम क्षेत्र) डॉ. अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम परिमंडल-3) दत्ता नलावडे के मार्गदर्शन में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर की टीम ने अंजाम दी।


