मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मालाड पूर्व स्थित पठानवाड़ी, शिवाजी नगर में तपोवन इमारत के पास बने DGS Group Lounge के कथित अवैध सेल्स कार्यालय पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।


जानकारी के अनुसार, यह सेल्स कार्यालय करीब तीन वर्ष पहले बनाया गया था। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए गए थे कि इस निर्माण के लिए बीएमसी से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। बताया जा रहा है कि मौखिक शिकायतों के बाद बीएमसी ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के उपरांत कार्रवाई की।


बीएमसी की टीम ने जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से पूरे सेल्स कार्यालय को तोड़कर जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
हालांकि, बीएमसी ने अभी तक इस कार्रवाई के कारणों, नोटिस या संबंधित दस्तावेजों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। वहीं, DGS Group या संबंधित बिल्डर की ओर से भी इस कार्रवाई पर अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल, यह कार्रवाई स्थानीय शिकायतों और कथित अनधिकृत निर्माण के आरोपों के आधार पर की गई बताई जा रही है। मामले में बीएमसी और संबंधित कंपनी का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।


