श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

साकीनाका इलाके में अवैध हथियारों की बिक्री की सूचना पर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 स्वचालित पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।


मुंबई पुलिस की यूनिट-7, अपराध प्रकटीकरण शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि साकीनाका परिसर में अवैध हथियार और कारतूस बेचने के लिए एक व्यक्ति आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साकीनाका इलाके में जाल बिछाया और घाटकोपर पश्चिम स्थित होटल अशोका इन, असल्फा के पास से आरोपी मनीष मंटू सहानी(33) को पकड़ा।


तलाशी के दौरान आरोपी मनीष मंटू सहानी(33) के पास से दो स्वचालित पिस्तौल और 10 राउंड बरामद हुए। इस संबंध में साकीनाका पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में उसके खिलाफ दो हत्या के मामले दर्ज हैं। इन दोनों मामलों में आरोपी द्वारा कथित तौर पर अग्निशस्त्र का इस्तेमाल कर हत्या करने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में जबरन चोरी/डकैती से संबंधित मामला भी दर्ज होने की बात सामने आई है।
मुंबई पुलिस अब आरोपी से बरामद हथियारों के स्रोत, उनकी खरीद-बिक्री और मुंबई में हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी मुंबई में किन लोगों के संपर्क में था और इन हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था या नहीं।
पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (अपराध) नवनाथ ढवळे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में उक्त कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच 7 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले की टीम ने की है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति की पूरी श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।


