मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

कुर्ला पश्चिम के चिराग नगर इलाके में बुधवार तड़के भूस्खलन की घटना से हड़कंप मच गया। गौसिया चॉल, राठौड़ मेडिकल के पास तड़के करीब 3:48 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। भूस्खलन के कारण चॉल के पास स्थित 2 से 3 कमरों का कुछ हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मलबे में 6 से 8 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई।


घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, बीएमसी की टीम, पुलिस, 108 एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मुंबई फायर ब्रिगेड ने सुबह 4:32 बजे घटना को लेवल-2 घोषित किया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टूल्स की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एनडीआरएफ के जवानों के साथ बीएमसी के करीब 50 कर्मचारी भी मौजूद हैं।


बीएमसी के अनुसार, हादसे में घायल दो लोगों को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी के सिर में चोट आई है, जबकि 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी भी घायल हुआ है। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।
वहीं, राजावाड़ी अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय साहिल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में मुंबई फायर ब्रिगेड के डीएफओ, 2 एडीएफओ, 2 वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी और 4 स्टेशन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में दमकलकर्मी तैनात हैं। मौके पर फायर इंजन, फायर टैंकर, रेस्क्यू वाहन, मोटर वाटर टैंकर और अन्य बचाव उपकरण लगाए गए हैं।
बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, एनडीआरएफ और वार्ड प्रशासन की टीमें लगातार मलबा हटाने तथा संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है।


